जिला कलेक्टर ने रिश्वतखोरी के आरोप में कमल पुरोहित सहायक ग्रेड-2 को किया निलम्बित

 


धार। जिला कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने रिश्वत माँगने का ऑडियो वायरल होने के आरोप में कमल पुरोहित सहायक ग्रेड-2 शाउमावि देदला जिला धार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुरोहित का निलंबन अवधि के दौरान सरदारपुर मुख्यालय नियत किया गया है।
         सहायक आयुक्त कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कमल पुरोहित सहायक ग्रेड-2 शासकीय उच्चतर मा वि संकुल केन्द्र देदला जिला धार ने श्रीमती लतिका साहु सहायक शिक्षिका से 24 वर्ष पूर्ण होने पर क्रमोन्नत वेतनमान लगाने के एवज में दो हजार रुपये की मांग की थी। जिसकी शिकायत का ऑडियो क्लिप की सी डी सहित शिकायत की गई थी। सहायक आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जाँच के आदेश विकास खण्ड शिक्षा को दिये। उक्त शिकायत की जांच विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी धार ने की थी। जाँच के दौरान पता चला कि उक्त कर्मचारी आदतन अपने कार्य के प्रति घोर लापरवाह है और अपने कार्य के दायित्व का निर्वहन भी निर्धारित समय पर नहीं करता है और समय पर कार्यालय से अनुपस्थित भी रहता है। जाँच में दोषी पाए जाने पर सहायक आयुक्त ने जाँच प्रतिवेदन जिला कलेक्टर को प्रस्तुत कर निलम्बन का प्रस्ताव भेजा। उक्त जाँच प्रतिवेदन के आधार पर जिला कलेक्टर ने कमल पुरोहित सहायक ग्रेड-2 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और निलम्बन अवधि में पुरोहित का मुख्यालय सरदारपुर नियत किया गया है।